देहरादून से अमित शाह की हुंकार, कांग्रेस पर वार और धामी को 65 पार का लक्ष्य!
Uttarakhand Politics: राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। SIR, घुसपैठ, सीमा सुरक्षा और उत्तराखंड के विकास के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा, सीएम पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए भाजपा के लिए 65 पार का लक्ष्य रखा। देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 […] The post देहरादून से अमित शाह की हुंकार, कांग्रेस पर वार और धामी को 65 पार का लक्ष्य! appeared first on Uttarakhand Broadcast.
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देहरादून के परेड ग्राउंड से भाजपा के चुनावी अभियान को धार दी। राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस, राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तीखे राजनीतिक हमले किए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की जमकर सराहना की।
अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने उत्तराखंड में भाजपा की अगली राजनीतिक लड़ाई का लक्ष्य भी स्पष्ट कर दिया। उन्होंने ‘इस बार 65 पार’ का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की कोशिश की।
SIR और घुसपैठ के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा
जनसभा में अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी SIR को लेकर लगातार झूठा नैरेटिव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। शाह ने जनता से सवाल किया कि क्या देश में घुसपैठियों को बाहर निकाला जाना चाहिए या नहीं? उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के मामले में सरकार कोई समझौता नहीं करेगी और घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम जारी रहेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में चीन भारतीय सीमा के भीतर घुसपैठ करता था, जबकि तत्कालीन सरकार मूकदर्शक बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और आज भारत की संप्रभुता की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत किसी में नहीं है।
हरीश रावत और कांग्रेस पर भी बरसे अमित शाह
अमित शाह ने अपने भाषण में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रदेश की सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने उत्तराखंड के विकास के लिए आखिर क्या किया?
हरीश रावत के कार्यकाल के दौरान सामने आए स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए शाह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उस समय सचिवालय में क्या-क्या होता था, यह पूरी दुनिया ने देखा है। शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस पर व्यंग्य किया।
इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी और रमेश पोखरियाल निशंक के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकारों के कामकाज की सराहना की।
एक लाख करोड़ के निवेश लक्ष्य पर धामी की तारीफ
जनसभा के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की विशेष रूप से तारीफ की। उन्होंने एक लाख करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य से जुड़ा किस्सा साझा करते हुए कहा कि जब धामी ने उत्तराखंड में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा था, तब उन्हें इस आंकड़े पर थोड़ा संदेह हुआ था।
इसके बाद उन्होंने स्वयं प्रदेश के मुख्य सचिव से फोन पर बात कर इस निवेश योजना की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने जब योजना की पूरी रूपरेखा और आंकड़ों की पुष्टि की, तब उनका संदेह दूर हुआ।
शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में निवेश और विकास को लेकर जिस तरह काम किया है, उससे उन्हें उनकी कार्यक्षमता पर पूरा भरोसा हुआ है।
उन्होंने पलायन के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि वर्षों से पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आने की बात कही जाती रही है। कांग्रेस ने इस समस्या को दूर करने और पलायन रोकने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए।
धामी ने अंकिता हत्याकांड, जेनी प्रकरण और तंदूर कांड का उठाया मुद्दा
अमित शाह से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की और दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई।
धामी ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए जेनी प्रकरण और दिल्ली के चर्चित तंदूर कांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता मामले पर सवाल उठाती है, लेकिन दूसरे मामलों पर चुप्पी साध लेती है।
अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया, शहीदों को किया नमन
अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए की। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान को याद किया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का आभार जताते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
1,475 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात
राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अमित शाह के दौरे के दौरान उत्तराखंड को 1,475.31 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से किया गया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां राज्योत्सव समारोह और विशाल जनसभा आयोजित की गई।
राज्य स्थापना दिवस पर इन हस्तियों को किया गया सम्मानित
राज्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने के लिए चयनित किया गया। सूची में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी – शासकीय एवं राजनीतिक क्षेत्र
- डॉ. जीवन सिंह तितियाल – चिकित्सा
- एकता बिष्ट – खेल
- मनमोहन भारद्वाज – उद्यमिता
- हिमानी शिवपुरी – फिल्म जगत
- वंदना कटारिया – खेल
- अंकिता ध्यानी – खेल
- हेमा नेगी करासी – लोक जागर गायिका
- डॉ. गिरीश रंजन तिवारी – शिक्षा एवं पत्रकारिता
- अनीता थपलियाल शर्मा – सामाजिक क्षेत्र
- सुरेश भाई – पर्यावरण
- रेशमा शाह – लोक गायिका
- कपिल पोखरिया – खेल
- निकिता चंद – खेल
- कश्मीर सिंह – सामाजिक क्षेत्र
परेड ग्राउंड के बाद पुलिस लाइन पहुंचे अमित शाह
परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ देहरादून पुलिस लाइन पहुंचे। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अमित शाह के इस दौरे को राज्य स्थापना दिवस के समारोह के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस पर तीखे हमलों, धामी सरकार की तारीफ और ’65 पार’ के नारे के जरिए भाजपा ने प्रदेश की राजनीति में चुनावी माहौल गर्माने के संकेत दे दिए हैं।
The post देहरादून से अमित शाह की हुंकार, कांग्रेस पर वार और धामी को 65 पार का लक्ष्य! appeared first on Uttarakhand Broadcast.
What's Your Reaction?