180 दिन से शिकायत पेंडिंग, डीएम का चढ़ा पारा! समाधान दिवस में यूपीसीएल समेत कई विभागों की खुली पोल

देहरादून में समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य, प्रमाण पत्र और बिजली से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने 180 दिन से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान आम लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी […] The post 180 दिन से शिकायत पेंडिंग, डीएम का चढ़ा पारा! समाधान दिवस में यूपीसीएल समेत कई विभागों की खुली पोल appeared first on Uttarakhand Broadcast.

Nov 24, 2026 - 09:38
 101  721
180 दिन से शिकायत पेंडिंग, डीएम का चढ़ा पारा! समाधान दिवस में यूपीसीएल समेत कई विभागों की खुली पोल

देहरादून में समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य, प्रमाण पत्र और बिजली से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने 180 दिन से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान आम लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 103 शिकायतें दर्ज कराईं। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याएं जनसुनवाई में प्रमुखता से उठीं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए।

सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने केवल शिकायतें सुनने तक ही सीमित न रहते हुए विभागों की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की प्रगति भी परखी। खास तौर पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित शिकायतों को लेकर उन्होंने संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा।

मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में देरी पर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई में एक बुजुर्ग ने बेटे पर मकान कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। जाखन निवासी 76 वर्षीय गोविंद राम शाह की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।

वहीं, टीबी से पीड़ित मरीज को दून अस्पताल में भर्ती न किए जाने की शिकायत पर सीएमओ को उसी दिन मरीज को भर्ती कर उपचार शुरू कराने के निर्देश दिए गए। प्रेम नगर निवासी शीला देवी ने अपने पति की हिट-एंड-रन दुर्घटना में मृत्यु के बाद क्लेम नहीं मिलने की समस्या उठाई। इस मामले में भी एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई के लिए कहा गया।

विकासनगर निवासी पुष्पा भट्ट ने बेटी का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। हरिपुर कालसी निवासी शराफत अली ने पत्नी के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र जारी कराने का अनुरोध किया।

ऋषिकेश-चंद्रबनी निवासी हेमवती नंदन देवरानी ने श्री राधा-कृष्ण पब्लिक स्कूल की ओर से घर के सामने कूड़ा-कचरा और अपशिष्ट पदार्थ फेंके जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने एसडीएम और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को संयुक्त जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। नवादा कोटा में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने के मामले में भी एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के लिए कहा गया।

जनसुनवाई में आर्थिक सहायता से जुड़े मामले भी सामने आए। मन्नूगंज निवासी जसवीर कौर ने दिसंबर में प्रस्तावित बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद मांगी। उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए डीएम ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। डांडीपुर निवासी बुजुर्ग महिला बीना गुलाटी और कांवली रोड निवासी बुजुर्ग बृजमोहन ने भी परिवार में आय का साधन नहीं होने के कारण आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

भगत सिंह कॉलोनी निवासी निदा रब्बानी ने घर में विद्युत मीटर नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या बताई। इस पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।

भूमि कब्जे और धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें भी समाधान दिवस में पहुंचीं। ग्राम क्यारी निवासी प्रभा नौटियाल ने विकासनगर में अपनी निजी भूमि पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। एकता विहार निवासी बीरा पंवार ने अपनी जमीन पर बाहरी लोगों के कब्जे और जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत की। दोनों मामलों में संबंधित एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, टिहरी जनपद के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने भूमि खरीद-बिक्री के मामले में 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

समाधान दिवस में विद्युत पोल बदलने से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी का रुख सख्त रहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर करीब छह माह से लंबित विद्युत पोल बदलने की शिकायतों को लेकर उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा और दोनों विद्युत पोल तत्काल बदलने के निर्देश दिए।

डीएम ने दोहराया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में समयबद्धता और जवाबदेही जरूरी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.

The post 180 दिन से शिकायत पेंडिंग, डीएम का चढ़ा पारा! समाधान दिवस में यूपीसीएल समेत कई विभागों की खुली पोल appeared first on Uttarakhand Broadcast.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow