सनसनी की दौड़ में पत्रकारिता का सच न खो जाए! राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया की जिम्मेदारी पर मंथन

पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और तथ्यात्मकता सर्वोपरि : जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी | ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर हुई गोष्ठी में पत्रकारों ने रखे विचार देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर देहरादून में पत्रकारिता की बदलती भूमिका और मीडिया की जिम्मेदारियों को लेकर विचार मंथन हुआ। जिला सूचना कार्यालय में आयोजित गोष्ठी […] The post सनसनी की दौड़ में पत्रकारिता का सच न खो जाए! राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया की जिम्मेदारी पर मंथन appeared first on Uttarakhand Broadcast.

Nov 17, 2026 - 00:38
 165  9.3k
सनसनी की दौड़ में पत्रकारिता का सच न खो जाए! राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया की जिम्मेदारी पर मंथन
पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और तथ्यात्मकता सर्वोपरि : जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी | ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर हुई गोष्ठी में पत्रकारों ने रखे विचार

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर देहरादून में पत्रकारिता की बदलती भूमिका और मीडिया की जिम्मेदारियों को लेकर विचार मंथन हुआ। जिला सूचना कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में पत्रकारों ने साफ कहा कि खबरों की तेज रफ्तार और डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। वक्ताओं ने जोर दिया कि खबर को आकर्षक बनाने की होड़ में तथ्यों और निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए।

16 नवंबर को जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी का विषय भारतीय प्रेस परिषद की ओर से निर्धारित ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने वर्तमान दौर में मीडिया की सामाजिक भूमिका, समाचारों की तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि आधुनिक तकनीक ने सूचनाओं के प्रसार को पहले से कहीं अधिक तेज कर दिया है। डिजिटल और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि समाचारों को आकर्षक बनाने के लिए प्रस्तुति के अलग-अलग तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन खबर की बुनियाद तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता ही होनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना तथा समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालना होना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और भरोसा सबसे महत्वपूर्ण हैं। तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाते हुए स्वतंत्र और मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन किया जाना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील विषयों पर खबर प्रकाशित करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अपुष्ट या भ्रामक जानकारी समाज में गलत संदेश दे सकती है। इसलिए ऐसी घटनाओं से जुड़ी खबरों में तथ्यों की पूरी पुष्टि करना पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा और विपरीत परिस्थितियों के दौरान प्रसारित होने वाली खबरों का व्यापक असर पड़ता है। पत्रकारों को चाहिए कि वे हर सूचना की पुष्टि करने के बाद ही उसे जनता तक पहुंचाएं।

वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज की कमियों को सामने लाने के साथ उनमें सुधार और जनजागरूकता की दिशा में भी मीडिया की अहम भूमिका है।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सूचनाओं की अधिकता और सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसार के बीच सही खबर और भ्रामक सूचना के अंतर को बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए समाचारों की पुष्टि, भाषा की मर्यादा और सामाजिक संवेदनशीलता को प्राथमिकता देनी होगी।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का काम केवल खबरें पहुंचाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना, जनसमस्याओं को मंच देना और शासन-प्रशासन को जनहित के प्रति जवाबदेह बनाना भी है। सनसनी के बजाय तथ्यपरकता और निष्पक्षता को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति जनता का भरोसा कायम रखा जा सकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रेम पंचौली, अमित नेगी, लक्ष्मी बिष्ट, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह और जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश, जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

The post सनसनी की दौड़ में पत्रकारिता का सच न खो जाए! राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया की जिम्मेदारी पर मंथन appeared first on Uttarakhand Broadcast.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow